यमुनानगर। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम ने करवट बदल ली है। तीन दिन की राहत के बाद वीरवार को सर्दी के तेवर तीखे नजर आए। सुबह बारिश और बूंदाबांदी से 21 डिग्री तक पहुंच चुका पारा लुढ़क कर 15 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रात को आसमान पर बादल छाए रहे। दिन में चली हवा ने भी सर्दी बढ़ा दी। दूसरी ओर दिन भर आसमान में सूरज की आंख मिचौली चलती रही। कभी धूप तो कभी बादल की स्थिति बनी रही। दोपहर एक बजे के बाद कुछ देर धूप निकली तो लोगों को राहत मिली। बूंदाबांदी होने से सर्दी बढ़ गई है। जबकि तीन दिन से शीतलहर न चलने के कारण तापमान में वृद्धि दर्ज की गई थी। परंतु, वीरवार को एक बार फिर पारा नीचे गिर गया। मंगलवार और बुधवार को जहां न्यूनतम तापमान नौ डिग्री रहा, वहीं वीरवार रात को यह पांच डिग्री दर्ज किया गया। सर्दी का असर बाजार पर भी देखने को मिला। हालांकि सर्दी के कारण खान पान और कपड़ों की मांग बढ़ी है, लेकिन जल्दी ही दिन ढलने और सर्दी के कारण बाजार भी जल्दी सूने होने लगे हैं। अधिसंख्य बाजार शाम सात बजे के बाद वीरान से नजर आते हैं। जबकि खाने पीने के सामान की खूब बिक्री हो रही है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो तीन चार दिन में बारिश की संभावना है। वहीं बुजुर्गों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बारिश होने के बाद सर्दी थोड़ी कम खतरनाक होगी। चूंकि इससे खुश्की समाप्त हो जाएगी। सूखी ठंड छोटे बच्चो, बीमार और बुजुर्गों के लिए हानिकारक है। बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वीरवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री पर पहुंच गया।