यमुनानगर। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को लघु सचिवालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका भी साथ रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट की फाइल मुख्यालय में लंबित नहीं रहने दूंगा। जिले के विकास के लिए हमें एक टीम के रूप में मिलकर काम करना है। मैं भी जिले की टीम का एक हिस्सा हूं।
अधिकारियों के साथ पहली बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने जिले की विभिन्न सड़कों के बारे में विस्तृत चर्चा की और कहा कि कोई भी प्रोजेक्ट लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जठलाना से बाईपास तक बनने वाली सड़क के बारे में विस्तृत चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने गुमथला घाट पर हो रहे अवैध खनन पर अधिकारियों से रिपोर्ट ली और इस पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लोगों की सुविधा के लिए है सरकार
राणा ने कहा कि सरकार लोगों की सुविधा के लिए है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर पालिका और पंचायती क्षेत्रों में जिले में समान रूप से विकास होना चाहिए। इसके लिए सभी योजना बना कर काम करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में जहां-जहां ग्रामीण क्षेत्र पड़ता है, वहां कई स्थानों पर सीवरेज लाइन बिछाई गई है लेकिन उनमें से कई जगह सड़कें ठीक से नहीं बनाई गई हैं। बैठक के दौरान मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुबका से अम्लोहा सड़क के निर्माण कार्य के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली।
नशे के प्रति चिंतित दिखे मंत्री
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हमें जिले में युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए काम करना है। वे इस मुद्दे पर बेहद गम्भीर दिखे। उन्होंने इस विषय में अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि हमें युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए गंभीरता से काम करने की जरूरत है। राणा ने बैठक के दौरान जिले भर की मंडियों में धान की खरीद और उठान को लेकर जानकारी ली।
कोई भी ट्रांसफार्मर बिना स्विच के न हो
मंत्री राणा ने ट्रांसफार्मरों पर स्विच लगे होने के बारे में बिजली विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी ट्रांसफार्मर बिना स्विच के न हो। बिना स्विच का ट्रांसफार्मर घातक हो सकता है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पॉपुलर की खेती होती है, वहां पर तारों में स्पार्किंग की समस्या के कारण बिजली सप्लाई में लगातार बाधा बनी रहती है। आगामी दिनों में आने वाले छठ पर्व को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां छठ पूजा के लिए घाट बनाए जाते हैं,वहां पर सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करें। उन्होंने कहा कि बिजली आदि की व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा जिलेभर में फॉगिंग कराने के भी निर्देश दिए।