संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन की जिला और ब्लॉक स्तरीय कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को कस्बा के विश्राम गृह में हुई। भाकियू के जिला प्रभारी सुभाष शर्मा व अल्पसंख्यक विंग के जिला अध्यक्ष नाजिर खान, साढौरा अध्यक्ष सतपाल मानकपुर भी इसमें मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि सरकार की मंशा किसानों के प्रति ठीक नहीं है। सरकार किसानों को बर्बाद करना चाहती है, लेकिन किसानों की ताकत के आगे सरकार को झुकना पड़ेगा। सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जिस गांव में सरकार जमीन पर कब्जा लेने आएगी वहां से आंदोलन शुरू किया जाएगा और अधिकारियों को बंधक बनाएंगे।
प्रदेश सरकार के किसान विरोधी फैसले को स्वीकार नहीं किया जाएगा। किसान अपनी फसल और नस्ल को बचाने के लिए किसी भी कुर्बानी से पीछे नहीं हटेंगे। राकेश टिकैत के आह्वान पर सभी किसान अपने ट्रैक्टरों पर झंडा लगाकर आंदोलन के लिए तैयार रहें। जल्दी ही हरियाणा में एक बड़े स्तर की महापंचायत होगी। जिसमें भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शामिल होंगे।
आज किसान, मजदूर और आम लोगों के हर मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन संघर्ष कर रही है। जिसको लेकर एक सितंबर को यमुनानगर से कुरुक्षेत्र तक टूटी हुई सड़क को लेकर रादौर में एक विरोध प्रदर्शन करके रोड जाम किया जाएगा। मौके पर बीर सिंह संधू, नायब सिंह, जनक पांडो, संदीप, कामिल हुसैन, नजीर खान, नूर मोहम्मद, दिलबाग माजरा, सतपाल, राहुल, दिलबाग, जगतार जग्गी, सुभाष हरतौल, जसबीर, जसवीर, सरदार रविंद्र पाल, मनमोहन, साहिल सेतिया, सुखदेव, सुबे सिंह सहित अनेक किसान मौजूद रहे।