(यमुनानगर)छछरौली। वन्य प्राणी विभाग की रेस्क्यू टीम ने नगली 32 गांव से तीसरे दिन एक और अजगर को काबू किया है। तीसरे अजगर के काबू होते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। यह तीनों अजगर जंगल के साथ लगते नगली सरपंच अहमद के फार्म हाउस की दीवार के आसपास घूमते देखे गए थे। जिसकी वजह से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। वन्य प्राणी जीव विभाग की रेस्क्यू टीम तीन दिन से लगातार नगली गांव में अजगर रेस्क्यू करने का कार्य कर रही है। वन्य जीव प्राणी विभाग निरीक्षक सुनील ने बताया कि पिछले 3 दिन से लगातार नगली गांव में अजगरों को रेस्क्यू करने का अभियान चलाया जा रहा है।
नगली गांव के पास ग्रामीणों द्वारा तीन अजगरों को घूमता हुआ देखा गया था। जिसके बारे में ग्रामीणों ने वन्य प्राणी जीव विभाग को सूचना दी थी। वन्य प्राणी जीव विभाग की रेस्क्यू टीम ने पहली अजगर रविवार को रेस्क्यू की थी और दूसरी अजगर सोमवार को रेस्क्यू की थी। इसी तरह उसी जगह पर बुधवार को भी वन्य प्राणी जीव विभाग को ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई कि जिस जगह से पहले दो अजगर रेस्क्यू किए गए थे। वहां पर आज एक और अजगर घूम रहा है। सूचना मिलते ही विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच और उसे वहां से रेस्क्यू कर कलेसर नेशनल पार्क में छोड़ दिया है। वन्य प्राणी जीव विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा तीनों अजगरों को रेस्क्यू करने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।