संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। जंगली हाथियों ने गांव अराईयांवाला के पास गन्ने के खेत को तहस नहस कर दिया। इसके साथ ही खेतों में बनाई गई छानों को भी तोड़ दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे वन्य प्राणी विभाग के कर्मचारियों ने नुकसान का जायजा लिया और ग्रामीणों को जंगली जानवरों से सतर्क रहने और रात को पहरा देने की हिदायत दी।
ग्रामीण पप्पू राणा, बलदेश, प्रकाश, ओमबीर, मदन आदि ने बताया कि अराईयांवाला में ग्रामीणों के खेत जंगल के पास लगते है और खेतों में फसल को उगाने के लिए रातों पहरा देना पड़ता है लेकिन उसके बाद भी जंगली जानवर कई बार खेतों में खड़ी फसल को तबाह कर देते है। ग्रामीण पूरी रात जागकर खेतों में फसल की पैदावार होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी जंगली जानवर जंगल से निकलकर खेतों में खड़ी फसल को तबाह कर चुके है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से जंगली जानवरों से खेतों में खड़ी फसल को बचाने की मांग की है।
वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर लीलू राम ने बताया कि जंगली हाथियों के खेतों में घुसने की सूचना मिली थी। जिस पर वह मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट बनाकर भेज दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को जंगली जानवरों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा कि जंगली जानवरों के दिखाई देने पर उन पर हमला मत करें नहीं तो जंगली जानवर आक्रामक हो जाते हैं।
इनकी सूचना तुरंत विभाग को दे। फसलों को हाथियों से बचाने के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे।