संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में हर दिन ज्यादातर शाम के समय लग रहे जाम से शहरवासी परेशान हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार जाम से निजात पाने के लिए शहरवासी नगर निगम और ट्रैफिक इंचार्ज को जाम के कारण होने वाली परेशानी के बारे में अवगत करवा चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। यह हाल रोजाना देखने को मिल रहा है
शहर की बहुत सी जगह ऐसी हैं, जहां जाम की स्थिति बनी रहती है, ज्यादातर जाम शहीद भगत सिंह चौक, नगर निगम कार्यालय, रेलवे स्टेशन, ईएसआई अस्पताल, मधु चौक, अग्रसेन चौक, तेजली रोड, नेहरु पार्क रोड, मटका चौक व और भी अन्य कई जगह हैं जहां जाम लगने से लोगों को परेशानी का सामना प्रतिदिन करना पड़ रहा है।
लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। वाहन चालकों ने बताया कि अभी विधानसभा के चुनाव होने को हैं और प्रत्याशी चुनावी रैलियां कर रहें हैं लेकिन उससे पहले भी शहर में जाम की स्थिति बनी हुई है। वाहन चालकों को सिर्फ शॉर्टकट का इस्तेमाल करना पड़ जाता है क्योंकि निकलने का दूसरा कोई रास्ता भी नहीं मिलता।
खारवन गांव के प्रमोद कांबोज का कहना है कि मुख्य सड़कों के दोनों ओर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिससे सड़क पर खड़े वाहन परेशानी बढ़ा देते है। ऐसे में वाहनों के निकलने का रास्ता तक नहीं मिल पाता। यही कारण है कि शहर में आए दिन जाम के हालात बनती जा रही है।
शहर में कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। जिससे सामान खरीदने के लिए लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। जिससे जाम लग जाता है। सबसे बड़ी बात शहर में हर दिन बड़ी संख्या में सीमेंट, अवैध खनन से भरी ट्रलियां निकलती हैं। जिससे शहर की सड़के भी खराब हो चुकी हैं।