साढौरा। सालेहपुर पंचायत के जंगल से खैर और आंवले के पेड़ काटने से रोकने पर अवैध कटान करने वालों ने ग्रामीण पर ही हमला कर दिया। सरपंच को इस बात की खबर लगी तो उन्होंने पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस पहुंचने की सूचना मिलते ही अवैध कटान करने वाले अपनी ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। एसएचओ अनिल ने बताया कि सरपंच शिवानी की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज करके जांच की जा रही है।
सरपंच शिवानी ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से से 8-10 लोग ट्रैक्टर-ट्राली लेकर पंचायती भूमि से छोटे-मोटे पेड़ काट रहे थे। छह अप्रैल को सूचना मिली कि इन्हीं लोगों ने पंचायत भूमि से तीन मोटे खैर के पेड़ काटने के अलावा चार आंवले के पेड़ भी काट लिए हैं। उस समय वह यमुनानगर में थीं, इसलिए उन्होंने अपने जानकार सतबीर को मौके पर भेजा। जब सतबीर ने उक्त लोगों को पंचायत से जबरन पेड़ों को काटने का विरोध किया तो उक्त लोगों ने सतबीर पर लोहे के पाटल से हमला कर दिया। सतबीर ने इस हमले में भागकर जान बचाई, लेकिन लोहे की पाटल का वार सतबीर की बाइक के टायर पर लगा, जिससे उसकी बाइक का टायर क्षतिग्रस्त हो गया। उसके बाद इन लोगों ने दोबारा से जबरन पेड़ काटने के अलावा सतबीर को जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में सतबीर ने गांव के लोगों को सूचना दी। जब मौके पर ग्रामीण पहुंचे तो उपरोक्त 8-10 लोग ट्रैक्टर-ट्राली से लकड़ी को पलटकर मौके से फरार होने लगे। ग्रामीणों की मदद से डायल 112 पुलिस को सूचित किया गया। जब तक डायल 112 पुलिस पहुंची तब तक उपरोक्त 8-10 लोग मौके पर ट्रैक्टर-ट्राली को छोड़कर मौके से फरार हो गए।