जगाधरी अनाज मंडी का दौरा कर जानकारी देते भाकियू जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना। स्वयं
- फोटो : Archive
यमुनानगर। जगाधरी अनाज मंडी में गेहूं के उठान में हो रही देरी के चलते किसानों को भुगतान नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना ने जिला महासचिव विक्रांत सिसौली, पप्पल, नवाब सिंह, ईश्वर सिंह, जगबीर रूला खेड़ी और मोंटी के साथ मंडी का दौरा कर खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। संजू गुंदियाना ने कहा कि गेहूं की खरीद शुरू हुए करीब 16 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक किसानों के खातों में भुगतान आना शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने नियम बना रखा है कि जब तक मंडी से गेहूं उठकर सरकारी गोदामों तक नहीं पहुंचती, तब तक किसानों को भुगतान नहीं किया जाता। जबकि दूसरी ओर सरकार 48 से 72 घंटे के भीतर भुगतान करने का दावा करती है, जो पूरी तरह से विफल होता नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि मंडियों में गेहूं का ढेर लग चुका है और अब नई फसल उतारने के लिए जगह भी नहीं बची है। उठान नीति के कारण ठेकेदार अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में गेहूं का उठान धीमी गति से कर रहे हैं, जिसका सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। संवाद
जगाधरी अनाज मंडी का दौरा कर जानकारी देते भाकियू जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना। स्वयं- फोटो : Archive