संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। चुहड़पुर कलां स्थित आठ कनाल नौ मरले जमीन में बोई गेहूं की फसल में जहरीली दवा डालकर बर्बाद कर दी गई। आरोप गांव के ही विरेंद्र सिंह पर लगा है। आरोपी विरेंद्र सिंह पर पहले भी गन्ने के बीच, खाद व अन्य सामान जलाने के आरोप में केस दर्ज है। छछरौली थाना पुलिस ने आरोपी विरेंद्र पर अब एक और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चुहड़पुर कलां निवासी गुरदेव सिंह ने छछरौली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी कर अपने परिवार को गुजारा चलाता है। उसके पास एक एकड़ नौ मरले कृषि योग्य जमीन है। इसमें चार कनाल उसने अपने चचेरे भाई से ठेके पर ली हुई है। उसने आठ कनाल नौ मरले जमीन में गेहूं की फसल बोई थी। आरोप है कि गांव के ही विरेंद्र सिंह ने उसकी खेत में खड़ी गेहूं की फसल में जहरीली दवा डालकर उसे बर्बाद कर दिया।
आरोपी विरेंद्र ने 25 अप्रैल 2023 को भी अपने परिवार के साथ मिलकर उसके खेत में रखे गन्ने के बीज, खाद व दवाई में आग लगाकर खराब कर दिया था। इस मामले में आरोपी विरेंद्र पर छछरौली थाने में केस दर्ज है। यह केस बिलासपुर अदालत में विचाराधीन है। आरोप है कि आरोपी उसके चचेरे भाई की जमीन को जबरन हड़पने को लेकर उनसे रंजिश रखता है। जब उसने इस बारे में आरोपी से बातचीत कर तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। छछरौली थाना पुलिस ने आरोपी विरेंद्र पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।