जगाधरी। जिले में तेज हवा और बारिश से कई गांवों में गन्ने और धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के कारण खेतों में खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई। इससे किसानों को उत्पादन कम होने और आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
किसानों का कहना है कि महीनों की मेहनत और लागत के बाद फसल तैयार हुई थी, परंतु मौसम के अचानक बदले मिजाज से उनकी चिंता बढ़ गई है। फसल प्रभावित होने से आमदनी पर भी असर पड़ने की आशंका है। इस दौरान कांग्रेस नेता श्याम सुंदर बतरा ने जिले के कई गांवों का दौरा कर प्रभावित किसानों से मुलाकात की। उन्होंने खेतों में नुकसान का जायजा लिया।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि किसानों की फसल को मौसम की मार से नुकसान हुआ है। सरकार को प्रभावित किसानों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलना चाहिए और गन्ने का रेट 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए। समय पर गन्ने का भाव घोषित होने से किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने धान की सरकारी खरीद भी जल्द शुरू करने की मांग की। बतरा ने कहा कि मौसम की मार झेल रहे किसानों को उचित राहत और फसल का लाभकारी मूल्य मिलना जरूरी है।