संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। गांव बक्करवाला के सरकारी स्कूल के पास सड़क पर जमा गांव का गंदा पानी लोगों के लिए समस्या बना है। जलभराव की वजह से राहगीर और खासकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि बीडीपीओ यहां कच्चा नाला खुदवाने की बात कह चुके हैं।
बक्करवाला के सरकारी स्कूल के पास गांव का गंदा पानी सड़क पर भरा है। इससे यहां से निकलने वाले दर्जनों गांव के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव वाले स्थान के आसपास रहने वाले राजीव, जनकराज, फजलु व जफरुद्दीन आदि ने इसकी शिकायत ग्राम पंचायत बीडीपीओ कार्यालय छछरौली व मुख्यमंत्री को दी थी। बावजूद उसके यहां पर दिन प्रतिदिन समस्या गहराती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार यहां पर खड़े गंदे पानी में एक तरफ जहां मक्खी-मच्छर पैदा हो बीमारियां फैला रहे हैं, वहीं यह पानी अब लोगों के घरों में भी घुसने लगा है। ग्रामीणों की मांग पर बीडीपीओ छछरौली ने यहां पर कच्चा नाला खुदवाने की बात कही थी, किंतु ग्राम सचिव ने अपने दौरे में बताया कि मोटर या इंजन से पानी निकालने की योजना बनाई जाएगी।
पानी निकासी के इंतजाम के लिए ग्राम सचिव को मौका मुआयना करने के लिए भेजा था। जल्दी ही कच्चा नाला खुलवाया जाएगा या फिर मोटर से पानी निकलवाया जाएगा ताकि लोगों को और समस्या का सामना ना करना पड़े। जल्द से जल्द पानी निकासी का इंतजाम करवा दिया जाएगा। - जोगेश कुमार, बीडीपीओ, छछरौली