संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। तीर्थराज श्री कपालमोचन मेले में बने कपालमोचन व ऋणमोचन सरोवरों में एक से दो दिन पहले ही पानी छोड़ दिया गया। परंतु, शुक्रवार को डीसी पार्थ गुप्ता ने सूरजकुंड सरोवर पर पूजा अर्चना कर कैलाश मानसरोवर से लाए गए जल को उसमें डाल सरोवर में पानी को छोड़ा गया। इसके बाद उन्होंने मेले की तैयारियों को भी जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार एक नवंबर से पांच नवंबर कार्तिक पूर्णिमा तक लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले को लेकर प्रशासन की तरफ से तैयारियां जोरों पर चल रही है। पूरा मेला क्षेत्र एलईडी लाइटों की रोशनी से जगमगाने को तैयार है, वहीं सुरक्षा और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सफाई कार्य पूर्ण कर लिया गया है और धूल-मिट्टी से बचाव के लिए सड़कों पर समय-समय पर पानी का छिड़काव किया जाएगा।