पुराना हमीदा पावर हाउस के पास दुकान में घुसकर कुछ युवकों ने दुकानदार से मारपीट की। आसपास के दुकानदारों ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। बताया जा रहा है कि इस दौरान दुकानदारों ने दो युवकों को पकड़ लिया और उनकी धुनाई की। पुलिस ने मामले में अज्ञात पांच युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिशनदास कॉलोनी निवासी अमरजीत सिंह ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका क्रेन सर्विस का काम है। इसके लिए उसने पुराना हमीदा में दुकान बनाई हुई है। देर शाम करीब साढ़े सात बजे वह दुकान पर बैठा था। तभी वहां पर चार पांच अज्ञात युवक आए। आरोपियों ने उसके पड़ोसी से उसके बारे में पूछा। इसके बाद आरोपी उसकी दुकान में घुस गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने मुंह पर मास्क पहने हुए थे। उसके पड़ोसी दुकानदार गुरमीत, शाम सुंदर, सरबजीत व अन्य ने उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इस दौरान दो युवकों ने दुकानदारों ने पकड़ लिया और उनकी धुनाई की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।