संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर थाना क्षेत्र के खेड़ी लक्खा सिंह चौकी के पास 26 दिसंबर 2024 को हुए तिहरे हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के ईनामी बदमाश शुभम पंडित की ओर से फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। सीआईए-टू के हेड कांस्टेबल विकास कुमार की शिकायत पर शुभम पंडित के खिलाफ थाना गांधी नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि मोस्ट वांटेड शुभम ने अलग-अलग राज्यों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। इस संबंध में 20 फरवरी को ही सीआईए की ओर से औपचारिक शिकायत दी गई थी। शुभम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला वाराणसी के गांव साधोगंज का रहने वाला है। वर्तमान में वह थाना गांधीनगर क्षेत्र की बैंक कॉलोनी के मकान नंबर 48 का निवासी है।
जांच में सामने आया कि उसने उत्तर प्रदेश में रिश्तेदारों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। शुभम ने पहले लखनऊ पासपोर्ट कार्यालय में आवेदन किया, जहां उसने अपने पिता का नाम पवन कुमार, माता का नाम कमलेश कुमार और पता जिला लखीमपुर खीरी के खोसियाना का दर्ज कराया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके पिता का नाम घनश्याम तिवारी और मां का नाम नीरज तिवारी है।
यहां पासपोर्ट नहीं बनने पर उसने झारखंड के रांची स्थित पासपोर्ट कार्यालय में रांची का पता दर्शाते हुए दोबारा आवेदन किया। उल्लेखनीय है कि 26 दिसंबर 2024 को सुबह करीब आठ बजे खेड़ी लक्खा सिंह चौकी के पास गैंगवार में शूटरों ने जिम से बाहर निकल रहे तीन युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। करीब 80 राउंड गोलियां चलाई गई थीं।
इस हमले में भाजपा नेता नरेंद्र राणा के चचेरे भाई गांव गोलनी निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र राणा, उन्हेड़ी निवासी 34 वर्षीय अर्जुन और उत्तर प्रदेश के जिला शामली के मखमूलपुर निवासी 35 वर्षीय पंकज मलिक की मौत हो गई थी। घटना के अगले दिन लॉरेंस ग्रुप के नोनी राणा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर वारदात की जिम्मेदारी ली थी।
पुलिस अब तक 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में शॉर्प शूटर रोमिल वोहरा को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। जांच मेंन शुभम पंडित का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उसे मोस्ट वांटेड घोषित कर एक लाख रुपये का इनाम रखा गया है।
शुभम पंडित पर धोखाधड़ी कर फर्जी पासपोर्ट बनवाने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। -नवतेज सिंह, जांच अधिकारी, थाना गांधी नगर।