यमुनानगर। 105 करोड़ रुपये से बने जिला मुकुंद लाल नागरिक अस्पताल की बिल्डिंग में टाइल्स गिरने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। वीरवार को भी अस्पताल के तीसरे तल पर बने वार्ड की दीवारों की टाइल्स गिर गई। इसकी सूचना मिलते ही एसडीएम जगाधरी तुरंत ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि टाइल्स लगाने में कुछ लापरवाही हुई है। इसकी जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार सुबह को मुकुंद लाल नागरिक अस्पताल यमुनानगर के तीसरे तल पर बने वार्ड में मरीज भर्ती थे। उसी समय मरीजों के बैड के आस-पास की दीवारों से टाइल्स गिरने शुरू हो गई। एक बाद एक टाइल नीचे गिरते देख शोर से वहां मौजूद मरीज भी घबरा गए। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उधर, दोपहर 12 बजे एसडीएम जगाधरी सोनू राम पीडब्लूडी के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टाइल्स गिरने के मामले की जांच की। साथ ही अस्पताल की बिल्डिंग की फाइलों और निर्माण में लगी सामग्री की टेस्ट रिपोर्ट भी देखी। एसडीएम का कहना है कि कमेटी द्वारा टाइल्स गिरने की लगातार जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि एक ब्लॉक में ही बार-बार टाइल्स गिर रही है। जिस कारण माना जा रहा है कि किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई है। जांच के बाद रिपोर्ट डीसी को सौंपी जाएगी। इसके बाद डीसी के निर्देश के बाद ही आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी। यदि जरूरत पड़ी तो बिल्डिंग का ऑडिट भी कराया जाएगा।
टाइल्स गिरने से महिला हुई थी घायल
हाल ही में अस्पताल की टाइल्स गिरने से एक महिला घायल हो गई थी। महिला के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। जिसके बाद बिल्डिंग की बाहरी दीवार के आस-पास लोहे की ग्रिल भी लगाई गई थी।
-