संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। पॉलिटेक्निक दामला में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर का मंगलवार को छठा दिन रहा। इस दौरान पहला सत्र फायर ब्रिगेड सुरक्षा व आपातकालीन प्रतिक्रिया का रहा। यमुनानगर फायर ब्रिगेड फायरमैन ललित कुमार, शुभम, पंकज व भूपेश शर्मा (फायर ऑपरेटर) ने स्वयंसेवकों को आग बुझाने की तकनीकों के बारे में जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कूलिंग, स्टार्वेशन व स्मदरिंग विधि, सीओ-2, ड्राई केमिकल पाउडर, फायर एक्सटिंग्विशर, 2, 3 व 4 हैंड शेक विधि, फायरमैन लिफ्ट व ट्राॅयज प्रणाली का महत्व बताया। उन्होंने पानी की पाइप से आग बुझाने का डेमो भी दिखाया, जिससे स्वयंसेवकों ने आग बुझाने के विभिन्न व्यावहारिक तरीकों का अनुभव प्राप्त किया।
लाइव डेमो से आग से बचाव, सुरक्षित प्रतिक्रिया व घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक ले जाने का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर का द्वितीय सत्र साइबर जागरूकता व सुरक्षा पर रहा। इसमें मुख्यातिथि निरीक्षण वीरेंद्र सिंह व एएसआई बलदेव सिंह ने स्वयंसेवकों को डिजिटल अपराधों, साइबर धोखाधड़ी व ठगी से सतर्क रहने के उपाय बताए।
प्राचार्य अनिल कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को आग बुझाने व बचाव के तरीकों का पता होना जरूरी है। वहीं, साइबर सुरक्षा आज सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। शिविर में विद्यार्थियों ने इसकी व्यावाहरिक जानकारी प्राप्त की है। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ऋचा खरबंदा के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने शिविर में भाग लिया।