संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर में तीन सितंबर को प्रस्तावित किसान महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ने गांव-गांव जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। भाकियू चढ़ूनी के डायरेक्टर मनदीप सिंह रोड छप्पर की अगुवाई में किसान नेताओं की टीम गांवों का दौरा कर किसानों को महापंचायत में पहुंचने का न्योता दे रही है।
भाकियू की टीम ने रामखेड़ी, भेरथल, चंगनौली, छोटा मारवा, ब्राह्मण खेड़ा, कलांपुर, काठवाला और महलांवाली गांव में जनसंपर्क किया। गांवों की चौपालों पर पंचायतें कर किसानों को तीन सितंबर को रादौर अनाज मंडी में पहुंचने का आह्वान किया गया। इस दौरान ग्रामीणों में महापंचायत को लेकर उत्साह देखने को मिला।
अभियान में गुरबीर सिंह तलाकौर, नवनीत रामखेड़ी, ब्लॉक प्रधान व्यासपुर नैब सिंह, गुरमेज सिंह कपूरी समेत कई किसान नेता सहयोग कर रहे हैं। मनदीप सिंह ने बताया कि महापंचायत में मुख्य रूप से दो मांगों को लेकर आवाज उठाई जाएगी। इनमें गन्ने का रेट बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और 15 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करवाने की मांग शामिल है।
नेताओं ने कहा कि डीजल, खाद, बीज और कीटनाशकों की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि फसलों के दाम अपेक्षाकृत नहीं बढ़े हैं। गन्ना किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिलने और लागत के अनुरूप भाव न मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अगेती धान मंडियों में पहुंचने लगी है।
किसानों का कहना है कि सरकारी खरीद देर से शुरू होने पर उन्हें मजबूरी में आढ़तियों को कम दाम पर फसल बेचनी पड़ती है। इसलिए 15 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव किसानों में महापंचायत को लेकर जोश है। बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ रादौर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।