संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मौसम में बार-बार हो रहे उतार चढ़ाव से अस्पतालों में वायरल के मरीज बढ़ गए हैं। बुखार, खांसी, जुकाम, गला दर्द, टाइफाइड से पीड़ित मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। जिला नागरिक अस्पताल समेत सब डिवीजन अस्पताल जगाधरी के अलावा सभी सीएचसी, पीएचसी में इनके मरीज पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लंबी लाइन लग जाती है। इसके साथ ही अस्पताल में दवाइयों की खपत भी काफी बढ़ गई है। जिला अस्पताल में मरीजों की ओपीडी करीब 1500 तक पहुंच गई है। अस्पताल में पैरासिटामोल, दर्द, एंटीबायटिक जैसी दवाओं की खपत काफी बढ़ गई है। दूसरा अस्पताल में दवाइयों की कमी ने मरीजों की परेशानी बढ़ा दी है।
अस्पताल से सभी मरीजों को खांसी की दवाई भी नहीं मिल रही। सोमवार को काफी मरीज बिना खांसी की दवाई के वापस लौटे। जिला नागरिक अस्पताल की बात करें तो यहां अप्रैल माह से लेकर अब तक पांच माह में पैरासिटामोल की 161950, दर्द की 357150, एंटीबायटिक की 70200, लिवोसिट्राजिन की 198500 टैबलेट मरीजों को दी जा चुकी हैं।
कुछ दिनों से मौसम में कभी ठंडक तो कभी गर्माहट हो रही है। रूक-रूक कर हो रही बारिश से कुछ दिन पहले तापमान में काफी कमी आ गई थी। रात के समय तो ठंड होने लगी थी। यहां तक की रात के समय लोग चादर ओढ़ कर सोने लगे थे। परंतु इसके बाद एक बार फिर से मौसम ने करवट ली, जिससे दिन व रात दोनों समय गर्मी होने लगी है।
गर्मी से बचने के लिए लोग फिर से फ्रिज का ठंडा पानी पीने लगे हैं। जिससे लाग गरम सर्द का शिकार हो रहे हैं। गत दो दिनों में ही जिले का अधिकतम तापमान दो डिग्री तक बढ़ गया है। इसके अलावा रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है और लोग फिर से पसीना-पसीना होने लगे हैं। अस्पताल में बुखार, एलर्जी, बेचैनी के अलावा डायरिया के मरीज भी काफी संख्या में आने लगे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल के डॉ. पृथ्वी ने बताया कि इस समय बारिश का मौसम चल रहा है। जिसमें संक्रमण होने का खतरा ज्यादा रहता है। घरों के अंदर व आसपास मच्छरों को न पनपने दें। इससे संक्रमण से जुड़ी बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है। इसके साथ साथ गर्मी व उमस के चलते शरीर के लिए पानी की जरूरत बढ़ जाती है। अधिक से अधिक तरल पदार्थों का इस्तेमाल करें। शुद्धता, साफ सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।
दवाओं की कमी नहीं : डॉ. दिव्या मंगला
मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल की कार्यवाहक पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने बताया मौसम में कुछ दिनों से बार-बार उतार चढ़ाव आ रहा है। इससे वायरल के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं है। यदि कोई दवा खत्म हो जाती है तो मंगवा लिया जाता है।