संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। ग्राम पंचायत छोली में खेत खलिहान योजना के तहत रास्ता निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग करने पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने ठेकेदार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। साथ ही मानकों को ताक पर रखकर काम करने के आरोप लगाए। प्रदर्शन की सूचना पर जेई मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य की जांच की। साथ ही ईंटों का सैंपल भी लिया है। उनका कहना है कि जांच के बाद आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।
गांव के अशोक कुमार, शिव शर्मा, सुरजीत सिंह व दर्शन लाल ने बताया कि खेत खलियान योजना के गांव में रास्ते का निर्माण होना है। निर्माण कार्य के टेंडर में अव्वल ईंट शामिल थी। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण में घटिया किस्म ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। इसे लेकर कई बार ठेकेदार से बात की गई।
आरोप है कि उसने कोई ध्यान नहीं दिया और छह-सात एकड़ के रास्ते पर पीली ईंटें लगाकर उसके ऊपर मिट्टी डाल दी। ग्रामीणों ने सोमवार को इस बात को लेकर प्रदर्शन किया। रणजीत, सूरजभान, राजेश, गुरदयाल, श्रवण कुमार, अनिल, राजकुमार व हिमांशू आदि भी मौजूद रहे। सरपंच सुरजीत कुमार ने बताया कि ठेकेदार के द्वारा अगर घटिया किस्म की ईंटों का प्रयोग किया जाएगा तो ठेकेदार पर कार्रवाई कर ठेके को निरस्त किया जाएगा।
उधर, प्रदर्शन की सूचना पर पंचायती राज विभाग के अधिशासी अभियंता लव कुमार धीमान ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तुरंत ही जेई राजेश कांबोज को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई कराई। जेई ने बताया कि जेई ने निर्माण कार्य में प्रयोग होने वाली ईंटों का सैंपल ले लिया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।