संवाद न्यूज एजेंसी
जठलाना। मानसून करीब आने से क्षेत्र के लोगों की धड़कनें तेज हो गई हैं। नालों की सफाई न होने से हर बारिश में क्षेत्र के घरों व दुकानों में पानी घुसता है। ऐसे में ग्रामीणों ने पंचायत से बारिश शुरू होने से पहले नालों की सफाई व पानी की व्यवस्था करने की मांग की है। इस ओर ध्यान नहीं देने से लोगों में रोष है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क के दोनों तरफ बने नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। इससे बारिश के दिनों में पानी उनके घरों और दुकानों में घुस जाता है। ग्रामीण सुरेंद्र वर्मा, सुभाष, रणबीर, पवन, रिंकू, शम्मी बत्रा, कपिल शर्मा, रामकुमार चौहान, धर्मसिंह, सतपाल, रमेश, दुष्यंत, नरेश, बृज अरोड़ा ने बताया कि कई बार पंचायत को समस्या से अवगत करवाया।
इसके बाद भी पंचायत ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीणों ने बताया कि नाले पूरी तरह से कूड़े से भर चुके हैं। यदि समय रहते सफाई नहीं हुई, तो पहली ही बारिश में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों ने पंचायत से मांग की है कि जल्द से जल्द नालों की सफाई करवाई जाए, ताकि समस्या से बचा जा सके। इस बारे में जब खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी श्याम लाल ने कहा कि सरपंच को इस बारे में निर्देश दिए जा रहे हैं। जल्द ही नालों की सफाई करवा दी जाएगी।