संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साढौरा में 13 सितंबर की रात इमिग्रेशन सेंटर चलाने वाले नीरज कुमार के घर पर हुई फायरिंग के मामले में गैंगस्टर वेंकट गर्ग के शूटर आदित्य पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। पुलिस की ओर से मंगलवारी की सुबह निशानदेही के लिए ले जाते समय उसने उल्टी का बहाना बनाया और गाड़ी से उतरकर पुल से कूद गया। इससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने उसे जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया है। अब तक इस केस में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीआईए- 2 की टीम ने सोमवार को पंचकूला के बरवाला का रहने वाले आरोपी आदित्य को अंबाला के शहजादपुर से गिरफ्तार किया था। मंगलवार की सुबह पुलिस टीम आदित्य को लेकर किसी अन्य केस के बारे में पूछताछ करने के लिए सहारनपुर-पंचकूला हाईवे से सुखपुरा पहुंची थी।
सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार ने बताया गैंगस्टर वेंकट की आदित्य की सात महीने पहले ही दोस्ती हुई थी। दोनों सोशल मीडिया से संपर्क में आ गए। वेंकट ने ही नीरज के घर पर फायरिंग करने के लिए कहा था। वेंकट ने उसने जर्मनी भेजने का लालच दिया था। उल्लेखनीय है गैंगस्टर वेंकट गर्ग का नाम 29 जनवरी 2025 में अंबाला में हुई बसपा नेता हरबिलास की हत्या के बाद चर्चा में आया था।
उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। उधर नीरज के पिता जनक कुमार की शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त को नीरज को व्हाटसएप कॉल आई थी। कॉल रिसीव न करने पर एक वॉयस मैसेज आया, जिसमें धमकी दी गई थी तेरे घर में 24-48 घंटे में घुसकर मारेंगे। इसके बाद रंगदारी की मांग करते हुए 30 लाख रुपये मांगे गए।
फायरिंग की रात हेलमेट पहनकर आए थे हमलावर
13 सितंबर की रात करीब 10 बजे, जब परिवार घर में था, तभी बाहर गोलियों की आवाज आई। नीरज और परिजन बाहर निकले तो देखा कि बिना नंबर की बाइक पर दो बदमाश आए थे, जिन्होंने हेलमेट पहन रखे थे। दोनों ने मिलकर 6-7 राउंड फायर किए और फरार हो गए। सीआईए-2 प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि अब तक चार आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। मामले में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं। विदेशी साजिशकर्ता की जानकारी जुटाई जा रही है। फायरिंग की साजिश नारायणगढ़ के एक बदमाश ने रची थी, जो फिलहाल विदेश में है। हथियार, कैश और कॉल धमकी सब कुछ पहले से प्लान किया गया था।