जगाधरी। सनातन धर्म पब्लिक स्कूल जगाधरी की 11वीं कक्षा के छात्र वंश ने जिलास्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। इस पर वंश का चयन राज्यस्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। भिवानी में राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 18 से 20 अगस्त तक होगी। जिलास्तरीय प्रतियोगिता से स्कूल लौटने पर वंश का स्वागत किया गया।
जगाधरी शहर की गोमती गली निवासी वंश दो साल से बॉक्सिंग कर रहे हैं। शुरुआत तेजली खेल परिसर से हुई थी। यहां एक वर्ष प्रशिक्षण लिया। इसके बाद आधुनिक प्रशिक्षण के लिए रोहतक चला गया। रोहतक में एक वर्ष कड़ा अभ्यास किया और मुक्केबाजी में अपना दम दिखाना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
तेजली खेल परिसर में तीन अगस्त को हुई जिलास्तरीय प्रतियोगिता में वंश ने अंडर-19 आयु वर्ग की 64 किलोग्राम श्रेणी में भाग लिया। यहां पर बेहतरीन प्रदर्शन औ दम पर वंश ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया। प्रतियोगिता से लौटने के बाद प्राचार्या उषा शर्मा, खेल विभाग के अध्यक्ष डॉ. भूपिंद्र सिंह, उपप्राचार्या पूजा त्रिखा ने वंश का स्वागत किया।
नीरज गोयत से प्रभावित
वंश ने बताया कि उसे मुक्केबाजी करते मात्र दो वर्ष हुए हैं। 14 वर्ष की आयु में वह अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज नीरज गोयत से मिला था। नीरज के कई मैच देखने के बाद यह और भी बढ़ने लगा। 15 वर्ष की आयु में तेजली खेल परिसर की अकादमी में प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया। इसके बाद कई मैच में पदक जीते और आगे बढ़ता रहा। वंश ने कहा कि वह ओलंपिक व कॉमनवेल्थ गेम्स में देश के लिए खेलकर पदक जीतना चाहता है।