संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। नवरात्र में मां वैष्णो देवी के दर्शन करने की भक्तों में उत्साह है। इसके कारण ट्रेनों में लोगों की भीड़ बढ़ गई है। इससे जम्मूतवी, उधमपुर और श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली ट्रेनों में सीट नहीं मिल पा रही हैं।
इस बार शरद नवरात्र 11 अक्तूबर से प्रारंभ हो रहे हैं। हालांकि नवरात्र में करीब 20 दिन का समय है। लेकिन ट्रेनों में सीट के लिए अभी से मारामारी शुरू हो गई है। हर दिन के साथ सभी ट्रेनों में वेटिंग बढ़ती जा रही है। यही नहीं कई ट्रेनें ऐसी भी जिसमें नवरात्र के दिनों के लिए अभी से नोरूम स्टेटस आ गया है।
हर साल शारदीय नवरात्र में जिले से करीब 50 से 60 हजार लोग माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब, सिरमौर सहित इंद्री, लाडवा इत्यादि क्षेत्रों के लोग यमुनानगर जगाधरी स्टेशन से ट्रेन पकड़ते हैं। बाड़मेर से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 14661 एक्सप्रेस में 11 अक्तूबर के लिए 75 वेटिंग पहुंच गई है। इसके बाद के दिनों में वेटिंग 90 के पार है। इस ट्रेन में नवंबर की शुरुआत में कंफर्म टिकट मिल पा रही है।
वहीं ऋषिकेश से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली गाड़ी संख्या 14609 हेमकुंट एक्सप्रेस में 11 अक्तूबर से 70 वेटिंग का हाल ही का स्टेटस है। कोलकाता से चलकर जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 13151 एक्सप्रेस में वेटिंग 50 के पार चली गई है।
इस ट्रेन में भी कंफर्म सीट नहीं है। हावड़ा से जम्मूतवी गाड़ी संख्या 13041 हिमगिरी एक्सप्रेस में वेटिंग 100 पहुंच गई है। इसी तरह भागलपुर जम्मूतवी अमरनाथ, गुवाहाटी जम्मूतवी लोहित, गोरखपुर जम्मू तवी अमरनाथ गाड़ियों में भी वेटिंग चल रही है। इससे यात्री परेशान हो रहे हैं।
नवरात्र में वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। हर साल विशेष ट्रेनें चलाई जाती हैं। इस बार भी सीटों की मांग के अनुरूप ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। -यशनजीत सिंह, वरिष्ठ वाणिज्य मंडल प्रबंधक।