यमुनानगर। गांधीनगर पुलिस ने बैंकों से पैसे निकालने वालों को नशीला पदार्थ सुंघाकर ठगी करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुरुक्षेत्र के गांधीनगर निवासी रवि कुमार व पीपली निवासी धन बहादुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों से इस तरह के दो मामलों को सुलझाया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि इस तरह से ठगी करने के दो मामले गांधीनगर थाना में दर्ज हुए थे। पहले मामले में पांच अप्रैल को शिव मंदिर के समीप निवासी मोहित को कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दो युवकों ने उसका एटीएम कार्ड, मोबाइल और 40 हजार रुपये साफ कर लिए थे। आरोपियों द्वारा उसके एटीएम कार्ड से 17 हजार रुपये भी निकाले गए थे। दूसरे मामले में पीड़ित जम्मू कालोनी निवासी नरेंद्र सिंह को ठगों ने कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उसकी जेब से 30 हजार रुपये साफ कर लिए थे।