फर्कपुर रेलवे फाटक के पास फुटब्रिज बनाने की मांग पर रेलवे डीआरएम, कुरुक्षेत्र सांसद, मेयर और पूर्व मंत्री के निरीक्षण की सूचना पर वीरवार को दर्जनों लोग मौके पहुंच गए। लोगों ने फाटक के पास ही ब्रिज बनाने की मांग रखी। जगाधरी वर्कशॉप रेलवे स्टेशन के पास फर्कपुर को शहर से जोड़ने वाला फाटक बंद कर करीब एक किलोमीटर दूर अंडरपास बनाया गया है। अंडरपास को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि फाटक के नीचे या ऊपर से ब्रिज बना चाहिए था। वहीं रेलवे फाटक बंद होने से फर्कपुर क्षेत्र शहर से अलग थलग हो गया है। लोगों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर काटकर आना जाना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से रेलवे कॉलोनी से थ्री व्हीलर चौक तक फुटब्रिज बनाने की मांग की है।
लोगों ने कहा कि जगाधरी रेलवे स्टेशन स्थित मालगोदाम से पुराना हमीदा तक फुट ओवरब्रिज बनाया गया है। वैसा ही ब्रिज यहां पर भी बनाया जाए। क्षेत्रवासी मनिंद्र सिंह फौजी, नरेंद्र लाड़ी, राजकुमार, कुलविंद्र सिंह, नम्रता, मोनिका, पूजा, सविता ने बताया कि रेलवे की ओर से बनाया गया अंडर पास फाटक से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। सौ मीटर का सफर तय करने में लोगों को चार किमी का चक्कर काटकर आना पड़ता है। वहीं पृश्वीनगर ए व बी की निकासी के लिए रास्ता बनाने की नगर निगम हाउस में रेजुलेशन पास किया गया है। इसे लेकर वीरवार को अंबाला मंडल के डीआरएम जीएम सिंह ने कुरुक्षेत्र सांसद नायब सैनी, पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज, मेयर मदन चौहान व पूर्व पार्षद कर्मवीर गोंदवाल के साथ मौका मुआयाना किया।
12 कॉलोनियों सहित कई गांव होंगे प्रभावित
रेलवे ने फर्कपुर फाटक बंद कर दिया है। जिससे फाटक के पार फर्कपुर, न्यू नानकनगर, पृथ्वीनगर ए व बी, नानकनगर, नंदा कॉलोनी, न्यू नंदा कॉलोनी, जवाहरनगर, जवाहरनगर एक्सटेंशन पार्ट-2, मंडेबर, अंबेडकरनगर, कमलनगर सहित ममीदी, जोड़ियां, दामला सहित अन्य गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन से 50 मीटर दूर रहने वाले लोगों को भी पांच किलोमीटर का चक्कर काटकर स्टेशन पर आना पड़ रहा है। जिसे लेकर लोगों में रोष है।
भेजेंगे विशेषज्ञों का दल
डीआरएम जीएम सिंह ने कहा कि वे निर्माण विशेषज्ञों का दल मौके पर भेजेंगे। उनकी सलाह के बाद ही यह निर्णय लिया जा सकता है। इस पर लोगों ने जगाधरी रेलवे स्टेशन पर बने फुट ओवरब्रिज का उदाहरण दिया और यहां पर भी ऐसा ही करने की मांग रखी। अधिकारियों व नेेताओं ने लोगों को उनकी मांग पूरा करने का आश्वासन दिया है।