जगाधरी। कुछ लोगों ने विशाल मेगा मार्ट मॉल के नजदीक एक युवक को कार लेमिनेशन के लिए बुलाकर उससे मारपीट की। आरोपियों ने लेमिनेशन करने वाले युवक के साथ उसके भतीजे को भी डंडों व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने दो युवकों को नामजद करते हुए अन्य आठ पर केस दर्ज किया है। हमलावरों में दो युवकों की पहचान रूपनगर निवासी अमित राठी व शादीपुर निवासी अमन के रूप में हुई है।
गांव गधौली के माजरा निवासी रजनीश कुमार ने बताया कि उसका ऑनलाइन कार लेमिनेशन का कार्य है। उसके पास अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे गाड़ी की लेमिनेशन करने के लिए जगाधरी में विशाल मेगा मार्ट के पास बुलाया। वह अपने भतीजे आर्यन के साथ बाइक पर विशाल मेगा मार्ट के सामने पहुंच गया। इस दौरान नौ युवक डंडे, धारदार हथियार व रॉड लेकर पहुंचे और गाली गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उससे और उसके भतीजे से मारपीट की। आसपास के लोगों के आने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। झगड़े में उसकी जेब से 60 हजार रुपये भी गिर गए। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।