संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर के टेनिस खिलाड़ी उदित कांबोज ने विदेशी धरती पर प्रतियोगिता जीतकर अपने देश, प्रदेश व जिले का नाम रोशन किया है। उदित ने अफ्रीका के रवांडा किगाली में हुई पुरुषों की एसोसिएशन ऑफ टेनिस प्रोफेशनल्स (एटीपी) 25,000 डॉलर टूर्नामेंट में शानदार जीत हासिल की है। उदित ने इस प्रतियोगिता से अपने कॅरिअर का पहला एटीपी प्वाइंट अर्जित किया।
उदित की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है। प्रतियोगिता के बाद लौटने पर उदित का जिमखाना क्लब में स्वागत किया गया। क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष एवं जगाधरी यमुनानगर टेनिस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुमित गुप्ता ने सदस्यों के साथ उदित कांबोज का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि क्वालिफायर में जगह बनाने के बाद उदित ने प्री क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान उदित का मुकाबला स्विट्जरलैंड के अनुभवी खिलाड़ी लॉरेन एर्ने से हुआ। इसमें उदित ने लॉरेन को 4-6, 6-4, 6-2 से पराजित कर दिया। सुमित गुप्ता ने बताया कि यह उपलब्धि हासिल करने वाला उदित जिले का पहला खिलाड़ी है। उसकी जीत जिले के लिए गर्व का विषय है। उदित ने विदेशी धरती पर देश का नाम चमकाया है। उदित सेक्टर-18 की लोटस टेनिस एकेडमी में कोच विशाल शर्मा और गगनदीप से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
कोच विशाल ने कहा कि बताया कि उदित ने हमेशा कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित किया। उसकी फिटनेस, मानसिक दृढ़ता उसे और भी ऊंचाइयों तक ले जाएगी। कोच गगनदीप ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का क्षण है कि जिले से उदित पहला खिलाड़ी है, जिसने एटीपी पॉइंट हासिल कर अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपना स्थान बनाया है। इस दौरान बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता जगमीत सिंह, गौरव ओबरॉय, प्रणव गर्ग, सिद्धार्थ बसातिया सहित अन्य मौजूद रहे।