यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने बाइक चोरी के आरोप में दो युवकों को बाइकों समेत गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इंचार्ज सुखविंदर राणा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी दो युवक चोरी की बाइक लेकर परशुराम चौक गांधीनगर से होते हुए उत्तर प्रदेश की तरफ जाएंगे। नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम को बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने बाइक को रुकने का इशारा किया तो आरोपी युवक बाइक को पीछे की तरफ मोड़ कर भागने लगे। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा कर उसे काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान गोशाला कॉलोनी जगाधरी निवासी रवि कुमार व सागर उर्फ पंडित के रूप में हुई। पूछताछ के बाद उनसे चोरी की दो बाइकें बरामद की गई।