संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में डेंगू के दो नए केस मिले हैं। इनमें एक साल का बच्चा व 71 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। एक दिन पहले ही डेंगू के पांच नए केस मिले थे। इसी के साथ ही जिले में डेंगू के मरीजों की कुल संख्या 71 हो गई है।
डेंगू के जो दो केस मिले हैं उनमें एक साल का बच्चा उधमगढ़ की माजरी से और 71 वर्षीय बुजुर्ग देवधर गांव से है। दो केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इनके घरों व आसपास फॉगिंग कराई गई। विभाग की तरफ से उनका उपचार कराया जा रहा है। वहीं नगर निगम ने फॉगिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग से 200 लीटर दवाई मांगी है ताकि सभी वार्डों में डेंगू के प्रकोप को कम किया जा सके। बीमारियों का खतरा बढ़ते देख यमुनानगर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ नजर आ रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी ने बताया कि डेंगू के दो केस मिले हैं। अब जिले में डेंगू के कुल केस की संख्या 71 हो गई है। जहां पर डेंगू मिलता है वहां पर फॉगिंग करवाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सप्ताह में एक दिन घरों व दुकानों पर ड्राई डे जरूर मनाए। इस दौरान गमलों, पुराने बर्तनों व टायरों के अलावा फ्रिज के पीछे लगी पानी की ट्रे को खाली जरूर करें ताकि उसमें मच्छरों का लारवा न पनप सके।