यमुनानगर। ट्यूशन पढ़ने जा रहे छात्र से मारपीट और हाथापाई कर बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल छीन कर फरार हो गए। वारदात छोटी लाइन पर जंगला वाली माता मंदिर रोड पर हुई। बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए सीसीटीवी में कैद हो गए। पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कांसापुर रोड आनंद विहार निवासी भूदेश कुमार मौर्या ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 14 साल का बेटा रूद्राक्ष मौर्या लाल द्वारा रोड पर ट्यूशन पढ़ने के लिए साइकिल से जाता है। रोज की तरह शनिवार की दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे रूद्राक्ष ट्यूशन पढ़ने साइकिल पर जा रहा था। जब वह छोटी लाइन पर जंगलों वाली माता मंदिर के पास पहुंचा तो सामने से बाइक पर सवार होकर दो युवक आए।
आते ही बदमाशों ने उसके बेटे को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उसके साथ हाथापाई व मारपीट कर उससे मोबाइल छीन लिया। मोबाइल छीनने के बाद बदमाश उसके बेटे को धक्का देकर वहां से फरार हो गए। उसके बेटे ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश फरार हो गए। उसके बेटे ने इसकी सूचना उसे दी। वह मौके पर पहुंचा तो बेटे ने आपबीती सुनाई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र व उसके पिता के बयान लिए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें दो युवक छात्र से हाथापाई करते नजर आ रहे है। जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवकों की तलाश की जा रही है।