छछरौली। क्षेत्र के गांव चुहड़पुर कलां के बस स्टॉप के पास स्थित जसविंदर ज्वैलर्स के संचालक जसविंदर से दो बदमाश 50 ग्राम सोने, 10 किलोग्राम चांदी व छह हजार रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात के समय ज्वेलर दुकान का शटर बंद कर रहा था। उसके शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार एकत्रित हुए लेकिन तब तक दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर छछरौली थाना प्रभारी व सीआईए वन की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन की। छछरौली पुलिस ने ज्वेलर की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
चुहड़पुर कलां निवासी जसविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी चुहड़पुर कलां गांव के बस स्टॉप के पास जसविंद्र ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। रोज की तरह मंगलवार देर शाम आठ बजे दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी में था। उसने दुकान में रखे 50 ग्राम सोने, 10 किलो चांदी के गहने और करीब छह हजार रुपये की नकदी एक बैग में रख ली। इसके बाद वह दुकान बंद करने लगा। उसने एक हाथ में बैग पकड़ा हुआ था और एक हाथ से दुकान के शटर को नीचे किया। दुकान के शटर को नीचे कर जब वह शटर को ताला लगाने लगा तो शटर के पास ही उसने बैग रख दिया। उसका ध्यान ताला लगाने पर था, तभी पीछे से एक युवक आया और उसके शटर के पास रखे बैग को उठाकर भागने लगा। जैसे ही बदमाश ने उसका बैग उठाया तो वह ताला ऐसे ही छोड़ कर उसके पीछे भागा। थोड़ा दूर गांव की तरफ जाने वाली गली में वह बदमाश पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़े दूसरे युवक के पीछे बैठ गया। इसके बाद दोनों बदमाश वहां से बाइक की गति तेज कर फरार हो गए। जसविंदर ने बताया कि उसने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार एकत्र हुए, लेकिन तब तक दोनों युवक मौके से फरार हो चुके थे। जसविंदर ने बताया बदमाशों ने मात्र डेढ़ से दो मिनट के भीतर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। उसने इसकी सूचना परिजनों व डायल 112 पर दी। डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। उधर, सूचना पाकर छछरौली थाना प्रभारी लज्जा सिंह, सीआईए वन व डिटेक्टिव स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंची और छानबीन की।
दुकान और आसपास नहीं है सीसीटीवी
जिस ज्वैलर्स की दुकान पर बदमाशों ने गहनों से भरा बैग छीनने की वारदात को अंजाम दिया, उस दुकान में व उसके आसपास के किसी भी दुकान पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है। इस बात का पता बदमाशों को बखूबी पता था। ज्वैलर्स ने बताया कि जिस युवक ने उसका बैग छीना था, उसने आधी बाजू की सफेद रंग की कमीज पहनी हुई थी। उसके चेहरे पर भी कोई नकाब या कपड़ा नहीं था। उसका चेहरा खुला हुआ था। बदमाशों की इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्हें आसपास सीसीटीवी लगा न होने का भली भांति अंदाजा था।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
ज्वेलर जसविंदर के पिता बाबूराम वर्मा ने बताया कि दुकान पर वह और उसका बेटा दोनों दुकान पर बैठते हैं। उसने बताया कि अभी करीब एक माह पहले भी शाम को उसका बेटा जसविंदर जल्दी घर चला गया था। जब वह दुकान बंद करने के लिए बाहर निकला तो उसने देखा था कि एक युवक दुकान के सामने खड़ा उसकी तरफ देख रहा है। उसकी कुछ दूरी पर एक दूसरा युवक बाइक लेकर खड़ा था वो भी उसकी तरफ गौर से देख रहा था। तब वह दुकान बंद कर बैग लेकर घर की तरफ चला तो कुछ दूर तक उस युवक उसका पीछा किया, लेकिन बाद में वह अचानक कहीं गुम हो गए। बाबूराम ने बताया कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए कई दिन से रेकी की और मौके मिलने पर अंजाम दे दिया।
ज्वेलर जसविंदर की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दी गई हैं। जल्द ही उनकी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
- लज्जा राम, एसएचओ, थाना छछरौली।