संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। तीन दिन के रिमांड पर चल रहे नोनी राणा गैंग के दो बदमाशों से मोबाइल रिकवर करने सहित उनके ठिकानों का पता लगाया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिससे अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास होंगे।
सीआईए-2 की टीम ने 18 जुलाई की रात गांव रटौली समीप दो युवक पकड़े थे। जिनकी पहचान शांति कॉलोनी के परवेज व रेलवे कॉलोनी के रजत पंडित के रूप में हुई। जांच में परवेज पर 22 और रेलवे कॉलोनी के रजत पंडित पर पुराने चार मुकदमे दर्ज मिले। साथ ही दोनों का संबंध लॉरेंस ग्रुप के गैंगस्टर काला राणा व उसके भाई नोनी राणा गैंग से जुड़ा मिला। इस पर पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया था। दोनों से रिमांड में पुलिस पूछताछ कर रही है। इसमें मोबाइल रिकवर करने सहित उनके ठिकानों का पता लगाया गया है। जरूरत हुई तो तीन दिन की रिमांड अवधि पूरी होने पर पूछताछ के लिए और दिनों का रिमांड भी मांगा जा सकता है। जांच में पाया कि परवेज पर एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, हत्या के प्रयास व मारपीट सहित 22 मुकदमें दर्ज हैं। ऐसे ही रजत पंडित पर एनडीपीएस एक्ट व अपहरण सहित चार मुकदमे दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
ऐसे पकड़ में आए
सीआईए-2 इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि सूचना थी कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ बाइक पर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जगाधरी से गांव रटौली के ओर घूम रहे हैं। तब मौके पर नाकाबंदी की और जगाधरी की ओर से आते बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो उसनेे भागने का प्रयास किया। टीम ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। दोनों की पहचान शांति कॉलोनी के परवेज व रेलवे कॉलोनी के रजत पंडित के रूप में हुई। परवेज से देसी कट्टा व चार कारतूस और रजत पंडित से देसी कट्टा व चार कारतूस बरामद हुए।