बेटे की शादी की तैयारियों को लेकर पांसरा आ रहे काटरवाली निवासी रामपाल को दो अज्ञात युवकों ने लूट लिया। बदमाश उसे उठाकर पांसरा जंगल में ले गए। जहां उससे 60800 रुपये लूट लिए। पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर के गांव काटरवाली निवासी रामपाल ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी करता है। उसके छोटे बेटे अमित की शादी 27 जून को होनी तय हुई है। शनिवार को वह अपने बेटे की शादी की तैयारी के लिए गांव पांसरा में आ रहा था। उसके पास उस समय 60800 रुपये थे। जब वह पांसरा फाटक के पास चाय की दुकान पर चाय पी तो उसका पेट खराब हो गया। वह शोच करने के लिए पांसरा फाटक के पास जंगल में चला गया। तभी वहां पर दो अज्ञात युवक आए। आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उठाकर जंगल के अंदर ले गए। जहां आरोपियों ने उसकी जेब से पर्स निकालकर उससे नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपी उसका पर्स वहीं फेंक मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।