संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए-2 की टीम ने जगाधरी के गांव रटौली के पास से दो बदमाश पकड़े हैं। दोनों के कब्जे से एक-एक देसी कट्टा व चार-चार कारतूस मिले हैं। दोनों किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, पर उससे पहले गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों किसी गैंग के हो सकते हैं, जिसके लिए उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड में लेकर पूछताछ होगी।
सीआईए-2 इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ बाइक पर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जगाधरी से गांव रटौली के ओर घूम रहे हैं। इस पर मौके पर नाकाबंदी की। तभी जगाधरी की ओर से आते बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो उसने ब्रेक लगाकर वापस मोड़ने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने बाइक सहित दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान शांति कॉलोनी निवासी परवेज व रेलवे कॉलोनी निवासी रजत पंडित के रूप में बताई। उनकी तलाशी ली गई तो परवेज से एक देसी कट्टा व चार कारतूस और रजत पंडित से भी एक देसी कट्टा व चार कारतूस बरामद हुए।
परवेज पर एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, हत्या के प्रयास व मारपीट सहित 22 मुकदमे दर्ज है। रजत पंडित पर एनडीपीएस एक्ट व अपहरण सहित चार मुकदमे दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
दोनों किस गैंग के लिए काम करते हैं, किस वारदात को अंजाम देने जा रहे थे और उनसे बरामद हथियार कहां से आए, यह सब दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ में पता किया जाएगा।