संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। यूके में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगों ने एक छात्रा से ऑनलाइन दो लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने छात्रा के मोबाइल पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नाम से एक पत्र भी भेजा। बाकी के रुपये नहीं देने पर आरोपी ने उसे विदेश में नहीं बुलाया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में टेही गांव की स्नेहा ने बताया कि 27 दिसंबर 2023 को उसके मोबाइल पर फोन आया कि वह यूके से बोल रहा है। फोन करने वाले ने कहा कि ऑनलाइन के माध्यम से आपका नंबर प्राप्त हुआ है। आपने हमारी एप को लाइक किया था। वह कहने लगा कि आपके लिए उनके पास यूके में नौकरी का ऑफर है। यदि वह नौकरी करना चाहती है तो सारी औपचारिकता पूरी करके वह यूके में किसी अच्छी कंपनी में नौकरी दिलवा देंगे।
उसने उसकी बातों को नजर अंदाज करते हुए फोन कट दिया। इसके बाद वह व्यक्ति अलग-अलग नंबरों से उसके पास फोन करके यूके में नौकरी दिलवाने का आश्वासन देने लगा। वह उसकी बातों में आ गई। आरोपी ने यूके में नौकरी दिलवाने की एवज में उससे पांच लाख रुपये की मांग की। पहले उसे दो लाख रुपये देने होंगे। बाकी की राशि उसके वेतन से कटती रहेगी। उसने उसके सारे दस्तावेज ऑनलाइन मंगवा लिए थे।
उसने आश्वासन दिया कि वह उसका काम जल्दी करवा देंगे। 29 दिसंबर को उसने दो लाख रुपये आरोपी को ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 31 दिसंबर काे उसको एक ऑफर लेटर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का उसके व्हाट्सएप पर भेजा। आरोपी उससे अतिरिक्त रुपये की मांग करने लगा। वह उससे कहने लगा कि यदि उसने सारे पांच लाख रुपये नहीं दिए तो वह यूके नहीं जा पाएगी। उसने और रुपये देने से मना कर दिया।
साथ ही अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी तैश में आकर उसके साथ बदतमीजी करने लगा और रुपये देने से इंकार कर ने लगा। इसके बाद आरोपी ने उसका फोन भी उठाना बंद कर दिया। इसकी शिकायत उसने थाने में दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया।