संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। खंड साढौरा में हिमाचल की पहाड़ियों से सटी टोडरपुर व नानहड़ी पंचायत में अभिशाप बने चेकडैमों का नवीनीकरण होगा। अटल भूजल योजना के तहत टोडरपुर के चेकडैम पर 3.34 करोड़ रुपये व नानहड़ी के चेकडैम पर 2.43 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
विभाग की ओर से ऑनलाइन लगाई गई निविदा 18 फरवरी को खुलेगी। इन चेकडैम का नवीनीकरण होने से साढ़ौरा क्षेत्र में भविष्य में पानी का सूखा नहीं पड़ेगा। वहीं चेकडैम के दोबारा सुचारू होने पर साथ लगती एक हजार से अधिक एकड़ भूमि को सिंचाई करने में दिक्कत नहीं आएगी।
खंड साढ़ौरा के इन गांवों में सिंचाई का साधन न होने के कारण यहां खेती केवल बारिश के पानी पर ही निर्भर है। चूंकि यहां की जमीन पथरीली होने के चलते ट्यूबवेल ही नहीं लग सकता। ऐसे में इन चेकडैमों से खेती की सिंचाई होती थी, लेकिन अनदेखी के चलते इन चेकडैमों में गाद जम गई और पानी का भी सूख पड़ने लगा। ये पंचायतें हिमाचल की पहाड़ियों से सटी हैं।
चेकडैम का नवीनीकरण होने के बाद सारा पानी पंचायत और फसलों की सिंचाई के लिए वितरित किया जाएगा।