कैंप में तीन युवकों ने रॉड, डंडों व बिंडो से दो भाइयों को पीटकर घायल कर दिया। दोनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैंप की शिवनगर खड्डा कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र ने गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वेल्डिंग का काम करता है। उसका छोटा भाई जितेंद्र फेब्रिकेशन का काम करता है। रात करीब आठ बजे उसका भाई जितेंद्र व 13 वर्षीय भांजा अभिषेक डिपो पर राशन लेने के लिए गए थे। कुछ देर बाद उसका भांजा अभिषेक घर पर भागा हुआ आया। उसने बताया की जितेंद्र मामा के साथ कुछ लड़के मारपीट कर रहे है। यह सूचना पाकर वह मौके पर गया तो उसने देखा कि कैंप निवासी काका, रजत, मनीष डंडों, बिंडों व रॉड से उसके भाई को पीट रहे थे। जब उसने अपने भाई को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया तो उन्होंने उससे भी मारपीट की। शोर सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया गया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।