यमुनानगर। बातचीत करने के लिए दो युवकों ने बस स्टैंड के पास बुलाकर टैगोर गार्डन निवासी गौरव व उसके छोटे भाई को रॉड, लाठियों व शराब की बोतलों से हमला कर घायल कर दिया। आरोपियों ने इस दौरान उनकी कार के शीशे तोड़कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मारपीट में दो भाई घायल हो गए। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को नामजद करते हुए 10-15 अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
टैगोर गार्डन निवासी गौरव वर्मा ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका टूर एंड ट्रेवल का काम है। बस स्टैंड के सामने उसका ऑफिस है। पांच अक्तूबर को वो और उसका छोटा भाई चंद प्रकाश वर्मा अपने घर पर मौजूद थे। तभी उसके मोबाइल पर रटौली निवासी ललित का फोन आया। उसके कुछ समय बाद फर्कपुर निवासी साहिल बंसल का फोन आया।
दोनों ने उन्हें उसके ऑफिस पर बातचीत करने के लिए बुलाया। वह अपने भाई चंद प्रकाश व साथी संदीप चौहान के साथ अपने ऑफिस पहुंचा। वहां पर पहले से ललित बक्शी, साहिल बंसल व सागर पंडित मौजूद थे। जब वे उनसे बातचीत करने लगा तो आरोपी उससे बहस करने लगे। आरोप है कि इस दौरान तीनों आरोपियों ने लाठी, रॉड व शराब की बोतलों से उन पर हमला कर दिया। इस बीच आरोपियों के 10-15 साथी और वहां पर पहुंच गए और उनसे मारपीट की। जिसमें वो, उसका छोटा भाई घायल हो गए।
आरोप है कि इस दौरान आरोपी साहिल ने उनके ऊपर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार चढ़ाने का प्रयास किया। आरोपियों ने इस दौरान उसके दोस्त संदीप चौहान की गाड़ी में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। इसकी शिकायत शहर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को नामजद करते हुए 10-15 अन्य पर मामला दर्ज कर लिया है। संवाद