बीकेड़ी रोड पर पश्चिमी यमुना पुल बुड़िया के पास दो बाइक की आमने सामने की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार खदरी निवासी गोल्डी उर्फ मोनू (21) देर शाम बाइक पर किसी काम से गया था। जब वह वापस घर लौट रहा था तो रास्ते में बीकेड़ी रोड पर पश्चिमी यमुना नहर के बुड़िया पुल के नजदीक सामने से आ रहे बाइक चालक रोहित ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में गोल्डी और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं रोहित की बाइक पर पीछे बैठे उसके पिता संदीप भी चोटिल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टराें ने गोल्डी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में रोहित को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया।
सूचना मिलने पर मौके पर बुड़िया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने गोल्डी के परिजनों की शिकायत पर भोगपुर निवासी संदीप के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है।
जांच अधिकारी एएसआई सतपाल सिंह का कहना है कि मामला दर्जकर लिया है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।