यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने चोरी की दो बाइकों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपियों से तीन मोबाइल भी बरामद किए गए। आरोपियों से जो मोबाइल बरामद हुए हैं, वे उन्होंने छीने थे या चोरी किए थे। इसकी जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है।
इंचार्ज रमेश राणा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक पर होते हुए हमीदा हेड से उत्तर प्रदेश की तरफ जाएंगे। इस सूचना के आधार पर उनकी टीम ने मौके पर जाकर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद दो युवकों को चोरी की बाइक सहित काबू किया। पूछताछ में उनकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव मुजफ्फराबाद निवासी रहमान और कामी माजरा निवासी रवि के नाम से हुई। आरोपी रहमान पुराना हमीदा में किराए के मकान में रहता है। आरोपी पर पहले भी स्नेचिंग लूट के पांच मामले दर्ज हैं, जो कोर्ट में विचाराधीन हैं। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की दो बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इंचार्ज ने बताया कि जो फोन बरामद किए गए हैं उनकी जांच साइबर सेल की टीम करेगी। आरोपियों ने 17 अगस्त को मंडोली खेत से किसान और छह सितंबर को पंजाबी धर्मशाला जगाधरी से बाइक की चोरी की। दोनों बाइक बरामद कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाद