संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ग्रीन विहार कॉलोनी जगाधरी में हुई डकैती के मामले में सीआईए टू की टीम ने पश्चिम बंगाल से आरोपी पश्चिम बंगाल निवासी समीर और हारुन राशिद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को वहां से गिरफ्तार कर यमुनानगर के लिए पुलिस चल दी है। इस मामले में अब तक सात आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। कुल 10 से 12 आरोपी पूरी वारदात में बताए जा रहे हैं। बता दें जगाधरी के पास ग्रीन विहार कॉलोनी निवासी फजरूल हक ने सात फरवरी को पुलिस को शिकायत दी थी कि वह समता प्लाईवुड में प्रेस मशीनों की ठेकेदारी का काम करता है। रात को छह युवक घर में घुसे और साढ़े आठ लाख रुपये कैश, 11 तोले सोने के जेवरात लूट ले गए थे। पुलिस ने मामले में पहले अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज किया था। बाद में खुलासा हुआ कि उसकी फैक्ट्री में काम करने वालों ने ही योजना बनाकर डकैती को अंजाम दिया था।