संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पुलिस चौकी रामपुरा की टीम ने जेसीबी की मदद से बीएसएनएल की तांबे की केबल चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी का सामान बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान दिल्ली के गांव ख्याला निवासी साकीम व सलमान खान के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश किया गया। आरोपी सलमान खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और साकीम को एक दिन के रिमांड पर लिया गया।
बीएसएनएल के एसडीओ श्यामलाल ने शिकायत दर्ज करवाई कि हमारी कंपनी ने शहर में पीयूएफ कॉपर केबल 1200 पेयर के तार नाले के साथ-साथ अंडरग्राउंड डाली हुई है। यह तार लैंडलाइन फोन को चलाने के काम में प्रयोग होती थी। यह तार करीब एक साल पहले बंद कर दी थी और कंपनी ने जमीन से इस तार को नहीं निकाला। 15 जून को उसे पता चला कि मधु होटल के पास से प्यारा चौक तक रात के समय अज्ञात ने जेसीबी व हाईड्रा की मदद से जमीन से उखाड़ कर तार चोरी करके ले गए हैं।
पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान दिल्ली के गांव ख्याला निवासी साकीम व सलमान खान के रूप में हुई। आरोपियों से चोरी का सामान व तार काटने के औजार व जमीन खोदने की गैंती व अन्य सामान बरामद किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी साकीम से चोरी करने में प्रयुक्त जेसीबी व हाइड्रा बरामद की जाएगी। चोरी करने में आरोपियों के कुछ अन्य साथी भी शामिल है। जिनकी पहचान हो चुकी है उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।