संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र की गलियां व सड़कें जल्द ही स्मार्ट एलईडी लाइटों से जगमग होगी। नगर निगम ने 41 हजार स्ट्रीट लाइट बदलने का कार्य शुरू कर दिया है। योजना के तहत पुराने सोडियम, ट्यूबलाइट, सीएफएल, बंद व खराब ट्यूब लाइट बदली जाएगी।
पहले चरण में नगर निगम के वार्ड नंबर पांच, 14 व 18 में ट्यूबलाइट बदलकर एलईडी लाइट लगाई जाएगी। फरवरी-मार्च तक सभी लाइटे बदलने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने दी। वह लाइट ब्रांच के अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त सिन्हा ने कहा कि वह हर वार्ड में एलईडी लाइट लगाने का कार्य सुचारू रूप से कराएं। वार्ड की हर कॉलोनी का हर स्ट्रीट लाइट प्वाइंट जांचें। सभी ट्यूबलाइट व सोलर लाइट बदलना सुनिश्चित करें। यदि कोई लाइट खराब है, उसे भी तुरंत ठीक कराए। उन्होंने निर्देश दिए कि स्ट्रीट लाइट से संबंधित शिकायत आने पर उसका 48 घंटे के भीतर समाधान किया जाए।निर्धारित समय में समाधान न करने वाले पर कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों यूएलबी (अर्बन लोकल बॉडी) से एलईडी लाइट पर मंजूरी मिली थी। एलईडी लाइट लगाने के 28 हजार नए और 13 हजार पुराने प्वाइंट (जहां सोडियम लाइट-बल्ब, ट्यूब लाइट व सीएफएल लगे) चिह्नित किए गए थे। चुनाव आचार संहिता के चलते यह परियोजना लटक गई थी। चुनाव संपन्न होते ही यह परियोजना सिरे चढ़ी।
निगम अधिकारियों ने फंड की प्रशासनिक मंजूरी की प्रक्रिया पूरी की। जिसके बाद एलईडी लाइट लगाने के लिए 1711.95 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। जोन एक के वार्ड नंबर पांच, जोन दो के वार्ड नंबर 14 व जोन तीन के वार्ड नंबर 18 में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू किया गया है। तीनों वार्डाें में लगभग साढ़े तीन हजार एलईडी लाइट बदलेगी जाएगी।
लाइटें खराब होने पर यहां करें शिकायत ःनगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि स्ट्रीट लाइट खराब होने पर जगाधरी के निवासी नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 01732277077 व यमुनानगर क्षेत्र के लोग 01732260227 पर कॉ कर शिकायत कर सकते है। इनके अलावा नगर निगम की ई-मेल आईडी streetlightcomplaint पर स्ट्रीट लाइट के पोल संख्या सहित शिकायत कर सकते है। शिकायत के 48 घंटे मे लाइट ठीक की जाएगी। जल्द ही वार्ड वाइज हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।