संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से सेक्टर 17 में 52.87 करोड़ से ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम, 6.98 करोड़ रुपये से तीन मुख्य सड़कों का सुंदरीकरण और 7.24 करोड़ रुपये से कैल कचरा निस्तारण प्लांट में शेड का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंचकूला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने रिमोट से तीनों विकास कार्यों का विधिवत रूप शिलान्यास किया।
अरोड़ा ने ओपन एयर थियेटर एवं ऑडिटोरियम के डिजाइन का निरीक्षण कर एक्सईएन विकास धीमान से इसकी पूरी जानकारी भी ली। उन्होंने बताया कि 18 माह के भीतर इसका निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। निगमायुक्त आयुष सिन्हा व अधीक्षण अभियंता हेमंत कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम के लिए सेक्टर-17 में करीब 5.45 एकड़ जगह चिन्हित की गई है। इसका निर्माण दिव्य नगर योजना के तहत होगा।
इसका डिजाइन कुरुक्षेत्र के आर्किटेक्ट से तैयार कराया गया है। प्रोजेक्ट के तैयार डिजाइन मुताबिक ओपन एयर थिएटर की एंट्रेंस और बैक साइड में पार्किंग होगी, जिसकी 300 कार पार्किंग की क्षमता होगी। फ्रंट पर ओपन एयर थिएटर होगा, जिसमें खुले आसमान के नीचे मंच व उसके सामने 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। मंच के साथ कलाकारों के मेकअप व अन्य रूम होंगे।
ओपन एयर थिएटर के पीछे एक हजार लोगों की बैठने की क्षमता का ऑडिटोरियम होगा। जहां इंडोर कार्यक्रमों के लिए स्टेज व सामने एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही वीआईपी, कांफ्रेंस व अन्य रूम भी होंगे। इसके अलावा ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम में ग्रीनरी सहित सीसीटीवी कैमरे होंगे। इंडोर कार्यक्रमों के लिए हॉल व सभी कमरे वातानुकूल होंगे।
ओपन एयर थियेटर व ऑडिटोरियम न होने से अभी जिले में मंडियों व स्टेडियमों के अलावा खुले में, शिक्षण संस्थानों, धर्मशालाओं, निजी पैलेसों व होटलों में सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक व राजनीतिक कार्यक्रम होते हैं। सरकारी स्तर पर भी ऐसा स्थान नहीं है, जहां एक साथ 500 से 1500 लोगों का कार्यक्रम हो सकें। ऐसे में सरकारी स्तर पर ओपन एयर थिएटर व ऑडिटोरियम बनने से निर्धारित शुल्क पर सामाजिक सांस्कृतिक, धार्मिक व राजनीतिक कार्यक्रम हो सकेंगे। ऑडिटोरियम बनने से शहर का काफी लाभ होगा।
नगर निगम द्वारा 6.98 करोड़ की लागत से शहर के जिमखाना क्लब रोड, गोबिंदपुरी रोड व वर्कशॉप रोड का सुंदरीकरण होगा। इन मार्गों पर फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी। ये लाइटें बहुत आकर्षक व डिजाइनदार होगी। वहीं, डिवाइडर व सड़क के किनारों पर पौधे रोपित किए जाएंगे, उनकी भी अच्छे ढंग से कटिंग कर सुंदरता बढ़ाई जाएगी। मार्गों के सुंदरीकरण के साथ तीनाें सड़कों को सुदृढ़ीकरण भी किया जाएगा।
कैल कचरा निस्तारण प्लांट में बारिश होने पर कचरा निस्तारण का कार्य प्रभावित होता है। लेकिन अब प्लांट में नगर निगम द्वारा 7.24 लाख की लागत से मजबूत टीन का शेड बनाया जाएगा। शेड बनने से यहां बारिश होने पर भी कचरा निस्तारण का काम जारी रहेगा। इसके अलावा कचरा निस्तारण में लगी मशीनों भी सुरक्षित रहेंगी। प्लांट में आने वाले कचरा का समय पर प्रबंधन होता रहेगा।