संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। पिछले तीन दिन से छछरौली अनाज मंडी में गेहूं से भरे ट्रक चर्चा का विषय बने हैं। फूड सप्लाई इंस्पेक्टर का कहना है कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है और न ही उनकी एजेंसी ने इस गेहूं की खरीद की है। वहीं मंडी सचिव का कहना है कि इस गेहूं के गेट पास कटे हुए हैं जब कोई एजेंसी इसकी खरीद करेगी तो उसे मंडी फीस ले ली जाएगी।
छछरौली मंडी में पिछले तीन दिनों से 12 ट्रक गेहूं के भरे हुए खड़े हैं। इन ट्रैकों को लेकर मंडी में चर्चा खूब जोरों पर है। ऐसे में गड़बझाला की बू आ रही है। छछरौली फूड सप्लाई के इंस्पेक्टर जय भगवान ने बताया कि यह ट्रक पिछले तीन दिन से खड़े हैं पर उनकी एजेंसी फूड सप्लाई ने इस गेहूं की कोई खरीद नहीं की है।
फूड सप्लाई के अलावा किसी और एजेंसी ने खरीद की हो तो उसकी उनको जानकारी नहीं है। उधर, मंडी सचिव ऋषि राज यादव गेट पास कटा होने की बात तो कह रहे, पर जब उनसे पूछा गया कि बिना किसी एजेंसी के खरीद व तोल के गेहूं ट्रकों में लोड कैसे हो गई तो वह भी बगले झांकते हुए नजर आए। ऐसे में मंडी में खरीद करने वाली सभी एजेंसियां ट्रकों में लोड इस गेहूं से पल्ला झाड़ती नजर आ रही है।