संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। क्षेत्र के ताजेवाला स्थित एक ढाबे पर खड़े ट्रक में चालक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह ढाबा मालिक ने जब ट्रक के पिछले हिस्से में एक व्यक्ति को रस्सी के सहारे लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना बेहट के गांव चिम्मा निवासी सोनू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि ट्रक की किस्तों को लेकर फाइनेंसर लगातार उसे फोन कर रहा था, जिससे वह काफी परेशान था। किस्त समय पर न भर पाने के कारण उस पर दबाव बढ़ता जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया।
जांच अधिकारी जगपाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ढाबे पर खड़े ट्रक में एक व्यक्ति ने फंदा लगा रखा है। टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में पता चला है कि ट्रक लेने के बाद सोनू इसे खुद ही चला रहा था। परंतु समय पर वह किस्त अदा नहीं कर पा रहा था। परिजनों के अनुसार सोनू पिछले कई दिनों से मानसिक तनाव में था। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।