संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। छछरौली थाना क्षेत्र के मोहियुद्दीनपुर स्थित जय लक्ष्मी स्टोन क्रशर पर सोमवार को 38 वर्षीय ट्रक चालक की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने स्टोन क्रशर मालिक पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव कोट मंजलस निवासी 38 वर्षीय प्रणाम सिंह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से कंपनी के ट्रक पर चालक के रूप में कार्यरत था और मोहियुद्दीनपुर से निर्माण सामग्री की ढुलाई करता था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटी और मां हैं।
मृतक के भांजे जंगबहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि शाम को उसकी मामी राजविंद्र कौर का फोन आया। उन्होंने बताया कि प्रणाम सिंह ट्रक में रेत लोड होने के बाद उसे समतल कर तिरपाल डाल रहा था। इसी दौरान ट्रक के ऊपर से गुजर रही हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसे करंट लगा और वह नीचे गिर गया।
मौके पर मौजूद कर्मचारी गौरव कुमार और चालक जितेंद्र कुमार उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि स्टोन क्रशर मालिक ने ट्रकों में सामग्री लोड करने के लिए रैंप सीधे 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के नीचे बना रखा है। इसी लापरवाही के कारण हादसा हुआ। थाना पुलिस के अनुसार स्टोन क्रशर मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही।