यमुनानगर। महिला चिकित्सक से यौन उत्पीड़न व जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में नामजद सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह की सेशन कोर्ट में अग्रिम जमान याचिका खारिज कर दी गई है। शिकायतकर्ता महिला डॉक्टर की मां ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने की पुष्टि की। कोर्ट के इस फैसले के बाद सीएमओ पर गिरफ्तारी का दबाव अब और बढ़ गया है।
महिला डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहे हैं। उनकी सरकारी गाड़ी कार्यालय के बाहर ही खड़ी है। वह पुलिस को अपने ठिकानों पर नहीं मिले हैं। उनका मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ है। पुलिस टीमें लगातार उनकी पता लगाने के लिए दबिश दे रही हैं। एएसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि विशेष टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। मामले की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, डॉ. मंजीत सिंह के वकील रणबीर सिंह का कहना है सेशन कोर्ट ने सीएमओ की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। उनका कहना है एससी व एसटी मामलों के अंदर एंटीसिपेट्री बेल का प्रावधान नहीं है। सूत्रों के अनुसार पता चला है सीएमओ हाईकोर्ट के वकीलों के टच में है, क्योंकि उन्हें पता है यहां से उनकी जमानत याचिका खारिज हो सकती है।
अभी नहीं विभागीय जांच की जानकारी जिला मुकंद लाल नागरिक अस्पताल के पीएमओ जितेंद्र सिंह का कहना है डॉ. मंजीत के खिलाफ विभागीय जांच के बारे में कोई जानकारी नहीं आई है। अगर जांच मुख्यालय स्तर पर चल रही है, तो उसके बारे में वे कुछ नहीं कह सकते।