संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर के निजी एवं पब्लिक स्कूलों के बाहर छुट्टी के समय काफी जाम लगता है। जाम में रोजाना सैकड़ों लोग इसमें फंसते हैं। वहीं, जाम लगने से छुट्टी के समय स्कूलों की बसें, वैन भी फंसती हैं। इससे एक तरफ जहां राहगीरों को परेशानी होती है वहीं, विद्यार्थी को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
शहर में सबसे ज्यादा परेशानी जगाधरी की छोटी लाइन और सिविल लाइन पर रहती है। यहां पर बड़े स्कूल हैं और हर दिन जाम लगता है। जाम के कारण लोगों को पांच मिनट का रास्ता तय करने में 20 मिनट का समय तक लग जाता है। कई बार स्कूल बसों के साथ अन्य वाहन फंसने से जाम और ज्यादा लंबा हो जाता है।
कोई अधिकारी व प्रबंधन समिति इस ओर ध्यान नहीं देता है। इसका खामियाजा शहर के लोगों व स्कूल के विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। इसे लेकर लोग इन क्षेत्रों में व्यापक व्यवस्था की मांग कर चुके हैं, लेकिन इस ओर पुलिस व प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जाम के कारण अकसर यहां पर झगड़े होते हैं। राहगीरों के अलावा दुकानदार भी इससे काफी परेशान हैं।
शहर की छोटी लाइन स्थित तीन बड़े स्कूल हैं। वहीं, यहां पर एक प्रबंधन एवं तकनीकी संस्थान भी स्थिति है। दोपहर में छुट्टी के दौरान यहां पर जबरदस्त जाम लगता है। बच्चों को स्कूल लेने आए अभिभावक सड़क किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। वहीं, छुट्टी के दौरान यहां पर ऑटो, ई-रिक्शा वाले भी खड़े रहते हैं। जिससे यहां पर जाम लगता है।
वहीं बड़डी संख्या में विद्यार्थी बाइक व एक्टिवा पर स्कूल आते हैं। छुट्टी के बाद एक साथ बाहर निकलते हैं, तो सड़क पर जाम लग जाता है। इसी तरह सिविल लाइन स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल के बाहर भी यही हाल रहता है। यहा सातों दिन हर समय व्यस्त रहती है। परंतु यहां पर स्कूल स्थित है। छुट्टी के दौरान अभिभावक वाहनों में बच्चों को लेने आते हैं, तो सड़क किनारे ही खड़े रहते हैं।
छोटी लाइन व सिविल लाइन शहर की व्यस्ततम मार्गों में से एक है। यहां पर किसी प्रकार की यातायात व्यवस्था नहीं। स्कूलों को पास अपनी पार्किंग व काफी जमीन भी है। बच्चों को लेने आए किसी अभिभावक को स्कूल में वाहन लेकर प्रवेश करने नहीं दिया जाता है। स्कूल में प्रवेश न मिलने के कारण अभिभावक सड़क किनारे वाहन खड़ा कर बच्चों इंतजार करते हैं। आसपास के कई दुकानदारों ने जाम निदान के लिए शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई नहीं ह।
स्कूलों के बाहर जाम न लगे, इसके लिए व्यवस्था की जा रही है। मटका चौक पर स्कूल के बाहर जाम न लगे, इसके लिए निर्देश दिए गए हैं। जाम आड़े तिरछे वाहन पार्क करने से लगता है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं, स्कूल प्रबंधकों से भी बात की जाएगी। - जगदीश, प्रभारी यातायात थाना।