संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। व्यासपुर-कपालमोचन मार्ग पर पुरानी तहसील से आगे एचपी पेट्रोल पंप के साथ ट्रक ट्रॉला ने बुधवार रात बिजली के पोल व तार को तोड़ दिया। बिजली की तार ट्रॉला में उलझ गई। कई घंटे तक तारों में फंसा ट्रॉला मौके पर ही खड़ा रहा। इससे न केवल सड़क पर जाम लग गया, बल्कि कई घंटे तक व्यासपुर व कपालमोचन की बिजली गुल रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रात के समय ट्रॉला पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के लिए आया था। जैसे ही वह तेल डलवा कर सड़क पर आया तो वह तार में फंस गया। इसकी चपेट में पहले एक पोल आया और वह टूट गया। लोगों ने शोर भी मचाया परंतु चालक ने ट्रॉले को नहीं रोका। जैसे ही ट्रॉला आगे चलता गया पोल के साथ लगी बिजली की तार खींचने से दूसरा पोल भी टूट कर गिर गया और बिजली सप्लाई बंद हो गई।
सड़क के बीच में तारों में फंसा ट्रक खड़ा रहने से यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर जाम लगा रहा। लोगों ने मामले की सूचना एसडीएम व्यासपुर जसपाल सिंह गिल को दी गई। उन्होंने बिजली निगम के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मौका पर पहुंच कर मामले का निपटान कर बिजली सप्लाई सुचारू की जाए। बिजली निगम के कर्मचारियों ने सप्लाई को बंद करके तारों को ट्रक से निकाला। कई घंटे की मशक्कत के बाद सप्लाई को सुचारू किया गया।